चाय छोड़ कर 100 करोड़ लोग 4 करोड़ गायों का भरण पोषण कर सकते है: साध्वी कपिला

पंकज पोरवाल | 04 Feb 2022 01:27

रामधाम गौशाला में दो दिवसीय गौ चिकित्सा पद्धति सत्संग का समापन

दैनिक भीलवाड़ा न्यूज़, भीलवाडा। श्री रामधाम रामायण मंडल ट्रस्ट एवं श्री केशव स्मृति सेवा प्रन्यास के संयुक्त तत्वावधान में हमीरगढ़ रोड स्थित रामधाम की गौशाला में गो चिकित्सा पर दो दिवसीय सत्संग के दूसरे दिन शुक्रवार को युवा, उत्साही, तेजस्वी, साध्वी कपिला गोपाल सरस्वती (इंजीनियर कंप्यूटर साइंस) ने कहा की नशा चाय का भी हानिकारक है, इसे छोड़ कर 100 करोड़ लोग 500 करोड़ रुपये बचाकर हिंदुस्तान की 4 करोड़ गौ का भरण पोषण कर सकते हैं। गौ माता के गोबर में लक्ष्मी का वास है। गोबर में 48.6 प्रतिशत ऑक्सीजन होती है। हमें गो माता की सेवा गौशाला जाकर अनिवार्य रूप से करनी चाहिए। गाय को पहले रोटी दो बाद में आप जिमो जैसे भगवान को भोग लगता है। ऐसा करने से आपके घर में सवा महीने में खुशहाली लौट आएगी। रोग दूर होकर निरोगता प्राप्त होगी। रोग आरोग्यता में बदल जाएंगे। हम आजकल गाय की पहले रोटी बनाते हैं जो समय पर दी नहीं जाती है। गाय को पहले जिमाओ फिर खुद जिमो। गौमाता को सुखी रखकर ही हम लक्ष्मी को प्राप्त कर सकेंगे। आज घरों में बाथरूम बड़े हैं लेकिन गौमाता को रखने की जगह नहीं है। अगर गौ माता को रखने के लिए जगह हो जाए तो निर्धनता पास नहीं आएगी। ट्रस्ट के अध्यक्ष सूर्यप्रकाश मानसिंहका ने ट्रस्ट की गतिविधियों के बारे में जानकारी दी। बंशीलाल सोडाणी, नन्दू देवी लढ़ा, अर्चना लढ़ा, विनोद मेलाना, ओमप्रकाश लढ़ा, विनय गांधी, गायत्री आचार्य, ललित अरोड़ा, लवकुश काबरा, संजीव गुप्ता, सुभाष बिड़ला, राकेश सिंहल, नवरत्न पारीक आदि मौजूद रहे। ट्रस्ट की ओर से रामधाम में गीता के शुद्ध उच्चारण का कार्यक्रम प्रतिदिन सुबह 9.30 बजे से चल रहा है। साप्ताहिक रामायण पाठ प्रभारी शिव प्रकाश लाठी ने बताया कि इस बार रविवार को साप्ताहिक रामायण पाठ का आयोजन लक्ष्मी नारायण मंदिर में दोपहर 2.30 बजे होगा।

विवाह नहीं हो रहा है उन्हें बताए उपाय

श्री रामधाम रामायण मंडल ट्रस्ट के सचिव अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि साध्वी कपिला ने सत्संग के दौरान जिन लोगों का विवाह नहीं हो रहा है उन्हें उपाय बताए। साध्वी ने कहा कि ऐसे लड़के लड़की 11 सोमवार गौरी माता की उपासना करें और गो परिक्रमा लगाए और कच्चा दूध भगवान शिव को जाप के साथ अर्पण करें तो उनका काम बन जाता है।

भीलवाड़ा मौसम

26.16°Cआंशिक बादल
दिनांक उच्चतम निम्नतम
19/0830.23°C22.74°C
20/0829.97°C22.96°C
21/0828.28°C21.32°C
22/0830.34°C22.13°C