कैश फॉर क्वेरी केस- महुआ मोइत्रा की लोकसभा सदस्यता खत्म: महुआ ने कहा- मुझे झुकाने के लिए हर नियम तोड़ दिया

दैनिक भीलवाड़ा | 08 Dec 2023 03:51

नई दिल्ली। कैश-फॉर-क्वेरी मामले में घिरीं टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा की संसद सदस्यता खत्म हो गई है। एथिक्स कमेटी की रिपोर्ट के बाद उनके निष्कासन का प्रस्ताव पेश हुआ। इसके बाद वोटिंग हुई। हालांकि महुआ मोइत्रा को निष्कासित करने के लिए सदन में वोटिंग शुरू होते ही विपक्ष ने बॉयकॉट कर दिया।

वोटिंग के बाद लोकसभा स्पीकर ने महुआ मोइत्रा के खिलाफ निष्कासन प्रस्ताव पास कर दिया। इसके बाद लोकसभा को 11 दिसंबर तक के लिए स्थगित कर दिया गया।

लोकसभा से निष्कासन के बाद महुआ ने कहा कि लोकसभा की एथिक्स कमेटी ने मुझे झुकाने के लिए बनाई गई अपनी रिपोर्ट में हर नियम तोड़ दिया।

इससे पहले भी चर्चा के दौरान लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला ने महुआ मोइत्रा को सदन में बोलने की इजाजत नहीं दी थी। उन्होंने कहा था कि उन्हें पैनल मीटिंग में बोलने का मौका मिला था।

500 पेज की रिपोर्ट 12 बजे पेश हुई, 3 बार सदन की कार्यवाही रुकी

लोकसभा में शुक्रवार (8 दिसंबर) को सदन सुबह 11 बजे कार्यवाही शुरू हुई और एथिक्स कमेटी की 500 पेज की रिपोर्ट पेश की गई। 12 बजे एथिक्स कमेटी चेयरमैन विजय सोनकर ने रिपोर्ट पेश की। जिसमें महुआ की संसद सदस्यता रद्द करने की सिफारिश और कानूनी जांच की मांग की गई थी।

हालांकि TMC ने मांग की थी कि 500 पेज की रिपोर्ट पढ़ने के लिए 48 घंटों का समय दिया जाए। चार मिनट बाद ही 12 बजे तक के लिए स्थगित हो गया। लोकसभा में इस पर सदन में 3 बार हंगामा हुआ। दो बार कार्यवाही स्थगित हुई। दोपहर 2 बजे से तीसरी बार कार्यवाही शुरू होने पर महुआ के निष्कासन पर वोटिंग हुई।

महुआ ने कहा था- मां दुर्गा आई हैं, अब महाभारत होगा; भाजपा सांसद बोले- महाभारत सूर्पनखा के कारण नहीं हुआ

लोकसभा में रिपोर्ट पेश होने के दौरान महुआ भी सदन में मौजूद थीं। संसद पहुंचने पर महुआ ने मीडिया से बातचीत में कहा- मां दुर्गा आ गई हैं, अब देखिए क्या होता है। जब नाश मनुष्य पर छाता है, पहले विवेक मर जाता है। उन्होंने 'वस्त्रहरण' से शुरुआत की अब आप 'महाभारत का रण' देखेंगे।

इस पर BJP सांसद सुकांत मजूमदार ने कहा था- महुआ ने खुद को द्रौपदी बोला है और महाभारत शुरू होने की बात कही। लेकिन समस्या ये है, इस महाभारत में श्रीकृष्ण तो इस तरफ हैं। जहां तक मुझे पता है महाभारत द्रौपदी के लिए हुआ था, सूर्पनखा के लिए नहीं।

सदन में निष्कासन प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान भी इस चीरहरण और सूर्पणखा वाले बयान पर जमकर हंगामा हुआ था।


भीलवाड़ा मौसम

26.16°Cआंशिक बादल
दिनांक उच्चतम निम्नतम
19/0830.23°C22.74°C
20/0829.97°C22.96°C
21/0828.28°C21.32°C
22/0830.34°C22.13°C