राजस्थान में कांग्रेस के पूर्व मंत्री के घर पर रेड:जल जीवन मिशन घोटाले में ED ने की महेश जोशी, उनकी पत्नी और बहू से 15 घंटे की पूछताछ

DAINIK BHILWARA | 16 Jan 2024 07:15

दैनिक भीलवाड़ा न्यूज। जल जीवन मिशन घोटाले केस में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मंगलवार को पूर्व मंत्री महेश जोशी और उनसे जुड़े लोगों के ठिकानों पर छापे मारे। जयपुर, दिल्ली और गुजरात की 10 टीमों ने मंगलवार सुबह 5 बजे जयपुर, बांसवाड़ा समेत कई जिलों में स्थित ठिकानों पर छापे की कार्रवाई शुरू की। इनमें महेश जोशी के 2 घर, जलदाय विभाग के 2 ठेकेदारों और 2 अधिकारियों के ठिकाने शामिल थे। 15 घंटे चली पूछताछ के बाद ईडी के अधिकारी महेश जोशी के घर से वापस चले गए।

ईडी के जाने के बाद महेश जोशी ने कहा- राजस्थान में फिर से ईडी का दुरूपयोग हो रहा है। सरकार बदल गई, कोई नया डेवलपमेंट नहीं हो रहा। बार-बार जलदाय विभाग की बात की जाती है। जेजेएम की बात की जाती है। उनके हाथ में जलदाय विभाग है। वह बताएं कि कहां गड़बड़ी हुई। जेजेएम में किसी टेंडर में गड़बड़ी हुई। इन सारी बातों की वह खुद जानकारी कर सकते हैं। उनके पास पूरा विभाग है। ईडी को भेजना राजनीतिक प्रतिशोध हैं। मेरे को ईडी के अधिकारियों से कोई शिकायत नहीं है। उनको आदेश मिलता है। वह अपना काम कर के जाते हैं। केन्द्रीय जांच एजेंसियों के माध्यम से जो डर फैलाया जा रहा है, वह यह लोकतंत्र में सही नहीं है। आने वाले समय में देश और प्रदेश की जनता इसका जवाब निश्चित देगी।

ईडी की कार्रवाई के दौरान महेश जोशी और उनकी पत्नी व बहू से कुछ फाइलों को लेकर पूछताछ की गई। दरअसल, जल जीवन मिशन घोटाले को लेकर पिछले 6 महीने से ED जांच कर रही है। ED के सूत्रों मुताबिक, जांच एजेंसी महेश जोशी को ED मुख्यालय आने के लिए नोटिस भी दे सकती है। इसके बाद आगे की पूछताछ दिल्ली या जयपुर में होगी।

ED के पास अहम दस्तावेज, पुष्टि के लिए पूछताछ की

दरअसल, तीन गाड़ियों में ED की टीम सुबह 5:30 बजे महेश जोशी के रेलवे स्टेशन स्थित घर पर पहुंची थी। 6:30 बजे जब टाइल्स का ठेकेदार आया तो उसे और लेबर को ED के अधिकारियों ने वहां से चले जाने के लिए कहा। इसके बाद ठेकेदार चला गया। यह मकान निर्माणाधीन है। हालांकि, महेश जोशी और उनका परिवार फर्स्ट फ्लोर पर रह रहा है।

ED के अधिकारियों ने फर्स्ट फ्लोर पर ही महेश जोशी, उनकी पत्नी और बहू से पूछताछ की। ED के पास में कई अहम दस्तावेज हैं, जिनके बारे में जानकारी ली गई। ED के पास कुछ वाउचर हैं, जिन पर साइन कर करोड़ों रुपए का भुगतान उठाया गया है। ये वाउचर जोशी या जल जीवन मिशन से जुड़े अधिकारियों के सिग्नेचर के बाद ही क्लियर हुए हैं, इनकी पुष्टि करने ईडी पहुंची थी।

भीलवाड़ा मौसम

26.16°Cआंशिक बादल
दिनांक उच्चतम निम्नतम
19/0830.23°C22.74°C
20/0829.97°C22.96°C
21/0828.28°C21.32°C
22/0830.34°C22.13°C