आज से हुए 3 बड़े बदलाव: कॉमर्शियल गैस सिलेंडर आज से 25.50 रुपए महंगा, KYC न होने पर फास्टैग हो जाए

दैनिक भीलवाड़ा न्यूज | 01 Mar 2024 04:52

नई दिल्ली। नया महीना यानी मार्च अपने साथ कई बदलाव लेकर आया है। इन बदलावों का असर आपकी जिंदगी और जेब पर भी होगा। 19 किलो वाले कॉमर्शियल गैस सिलेंडर आज से 25.50 रुपए तक महंगे हो गए हैं। वहीं अगर आपने फास्टैग की KYC नहीं कराई है तो आज से फास्टैग डिएक्टिवेट हो जाएगा। इसके अलावा GST के नियमों में भी बदलाव हुआ है।

1. कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम 25.50 रुपए तक बढ़े

दिल्ली में सिलेंडर के दाम 25.50 रुपए बढ़कर 1795 रुपए हो गए हैं, जो पहले 1769.50 रुपए थे। कोलकाता में दाम 1887 रुपए से 24 रुपए बढकर 1911 रुपए हो गए हैं। मुंबई में कॉमर्शियल गैस सिलेंडर 1723.50 रुपए में मिल रहा था, जो अब 25.50 रुपए महंगा हो गया है। यह अब 1749 रुपए में मिलेगा। वहीं चेन्नई में सिलेंडर के दाम 1937 रुपए से 23.50 बढ़कर 1960.50 रुपए हो गए हैं।

हालांकि, 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं हुआ है। दिल्ली में अभी यह 903 रुपए, भोपाल में 908, जयपुर में 906 रुपए में मिल रहा है।

2. बिना KYC वाले फास्टैग हो जाएंगे डिएक्टिवेट

सरकार ने फास्टैग की KYC पूरी करने की आखिरी तारीख 29 फरवरी तय की थी। ऐसे में जिन लोगों ने तय तारीख तक KYC पूरी नहीं की है। उनके फास्टैग को ब्लैलिस्ट या डिएक्टिवेट कर दिया जाएगा। इसके बाद फास्टैग में बैलेंस होने के बावजूद पेमेंट नहीं होगा। जिसके चलते उनको दोगुना टोल टैक्स देना पड़ सकता है।

3. GST के नियम में हो रहा बदलाव

केंद्र सरकार ने GST के नियमों में बड़ा बदलाव किया है। अब 5 करोड़ रुपए से अधिक का बिजनेस करने वाले कारोबारी बिना ई-चालान के ई-वे बिल जनरेट नहीं कर पाएंगे। यह नियम शुक्रवार से लागू हो जाएगा।

इसके अलावा GST टैक्स सिस्टम के तहत 50,000 रुपए से अधिक कीमत के माल को जब एक राज्य से दूसरे राज्य में भेजा जाता है, तो उसके लिए ई-वे बिल रखना जरूरी होता है।

मार्च में 14 दिन बंद रहेंगे बैंक

मार्च महीने में 5 रविवार और दूसरे और चौथे शनिवार के अलावा 7 दिन अलग-अलग जगहों पर बैंकों में कामकाज नहीं होगा। 25 मार्च को भी होली पर बैंक बंद रहेंगे। इसके अलावा 29 मार्च को गुड फ्राइडे पर बैंकों में कामकाज नहीं होगा।

भीलवाड़ा मौसम

26.16°Cआंशिक बादल
दिनांक उच्चतम निम्नतम
19/0830.23°C22.74°C
20/0829.97°C22.96°C
21/0828.28°C21.32°C
22/0830.34°C22.13°C