भाजपा की दूसरी लिस्ट 6 मार्च को आ सकती है:पार्लियामेंट्री बोर्ड के मेंबर येदियुरप्पा बोले- परसों दिल्ली में बैठक, नाम फाइनल हो जाएंगे

DAINIK BHILWARA | 04 Mar 2024 01:33

बेंगलुरु। 2024 लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा की दूसरी लिस्ट बुधवार (6 मार्च) को आ सकती है। भाजपा के संसदीय बोर्ड के सदस्य और कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने सोमवार को इसके संकेत दिए। येदियुरप्पा ने कहा- वह केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में शामिल होने बुधवार को दिल्ली जा रहे हैं। संभवतः इसी दिन दूसरी सूची को अंतिम रूप दिया जा सकता है। मेरा मानना है कि परसों सूची फाइनल हो जाएगी। हालांकि अंतिम फैसला वरिष्ठ नेता लेंगे।

भाजपा ने इससे पहले 2 मार्च को शाम 6 बजे 16 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 195 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी की थी। इसमें 34 केंद्रीय मंत्रियों को टिकट मिला है। इतने ही सांसदों का टिकट काटा गया है। सूची में 28 महिलाएं, 27 एससी, 18 एसटी, 57 ओबीसी नाम हैं। 50 साल से कम उम्र के 47 कैंडिडेट हैं।

पहली लिस्ट आने से पहले दिल्ली से सांसद गौतम गंभीर और झारखंड के हजारीबाग से सांसद जयंत सिन्हा ने राजनीति से अलग होने की घोषणा कर दी। लिस्ट आने के बाद पश्चिम बंगाल के आसनसोल से प्रत्याशी बनाए गए भोजपुरी सिंगर पवन सिंह ने चुनाव लड़ने से मना कर दिया। वहीं चांदनी चौक से टिकट कटने के बाद पूर्व केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने राजनीति से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया।

राजस्थान: 5 सांसदों के टिकट कटे, 2 सीटों पर चेहरे बदले

राज्य में भाजपा ने 5 सांसदों के टिकट काटे हैं। वहीं कांग्रेस से आए 2 नेताओं को भी चुनाव में उतारा है। भाजपा ने कांग्रेस से आए दो नेता नागौर से डॉ. ज्योति मिर्धा और डूंगरपुर-बांसवाड़ा से महेंद्र जीत मालवीय को टिकट दिया गया है। ज्योति मिर्धा विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा में आई थीं। वहीं, मालवीय कुछ दिन पहले ही विधायक पद से इस्तीफा देकर कांग्रेस से भाजपा में आए हैं। वसुंधरा के बेटे दुष्यंत सिंह झालावाड़ से पांचवी बार लोकसभा चुनाव लड़ेंगे।

भीलवाड़ा मौसम

26.16°Cआंशिक बादल
दिनांक उच्चतम निम्नतम
19/0830.23°C22.74°C
20/0829.97°C22.96°C
21/0828.28°C21.32°C
22/0830.34°C22.13°C