रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा 1 मिनट 24 सेकेंड में पूरी होगी: काशी के पंडितों ने तय किया मुहूर्त, तीन दिन बंद रहेंगे दर्शन

DAINIK BHILWARA | 24 Dec 2023 04:23

दैनिक भीलवाड़ा न्यूज। अयोध्या में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा महज 1 मिनट 24 सेकेंड में होगी। काशी के पंडितों ने यह मुहूर्त तय किया है। द्रविड़ बंधु पं. गणेश्वर शास्त्री द्रविड़ और पं. विश्वेश्वर शास्त्री ने बताया कि 22 जनवरी को दोपहर 12 बजकर 29 मिनट 8 सेकेंड से मूल मुहूर्त होगा, जो 12 बजकर 30 मिनट 32 सेकेंड तक चलेगा। यानी कुल 1 मिनट 24 सेकेंड का ही प्राण प्रतिष्ठा का मुहूर्त होगा।"

इस मुहूर्त की शुद्धि भी की जाएगी। मुहूर्त शुद्धि का समय 20 मिनट का होगा। यह 19 जनवरी की शाम 6 बजे से शुरू होगा, जो 6 बजकर 20 मिनट तक चलेगा। इसके बाद 20 जनवरी को सूर्योदय से पहले मुहूर्त शुद्धि का संकल्प होगा। पंडित गणेश्वर शास्त्री ने ही काशी कॉरिडोर के लोकार्पण और राम मंदिर शिलान्यास का मुहूर्त तय किया था।

पं. गणेश्वर शास्त्री द्रविड़ ने बताया, "मेष लग्न के गुरु होने से राम की राज्य वृद्धि होगी। मेष लग्न का गुरु इस मुहूर्त का प्राण है। लग्नस्थ गुरु पूर्ण दृष्टि पांचवें, सातवें और नौवें घर पर पड़ रही है। इस दृष्टि से मृगशीर्ष नक्षत्र 26वां नक्षत्र है। इसका भी शुभ फल मिलेगा।"

भगवान राम का जन्म भी अभिजीत मुहूर्त में 12 बजे के बाद ही हुआ था। ऐसा मुहूर्त दुर्लभ होता है। 22 जनवरी को मेष लग्न में बैठे गुरु की पंचम, सप्तम और नवम भाव पर दृष्टि है। इसके प्रभाव से भारत दुनिया में सबसे मजबूत देश बनकर उभरेगा। उधर, 22 जनवरी को प्राण-प्रतिष्ठा की तैयारियां तेज हो गई हैं। गर्भगृह की फिनिशिंग पूरी हो चुकी है। रामलला के सिंहासन पर अब सोने की परत चढ़ाई जाएगी। 31 जनवरी तक राम मंदिर गर्भगृह के ऊपर का फ्लोर भी बनकर तैयार हो जाएगा।

रामलला की 3 मूर्तियां भी बनकर तैयार हैं। इनमें से किसी एक को 7 जनवरी से पहले फाइनल कर लिया जाएगा। जन्मभूमि ट्रस्ट और विश्व हिंदू परिषद ने सोशल मीडिया पर राम मंदिर की नई तस्वीरें जारी की हैं।

तीन दिन नहीं होंगे रामलला के दर्शन

वहीं स्पेशल डीजी लॉ एंड ऑर्डर प्रशांत कुमार ने कहा कि मंदिर की सुरक्षा को देखते हुए 20 से 22 जनवरी तक आम लोगों के लिए भगवान राम का दर्शन बंद रहेगा। 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा उद्घाटन का कार्यक्रम है। 23 जनवरी से आम लोग दर्शन कर सकेंगे। यूपी पुलिस की सभी स्पेशल यूनिट अयोध्या में तैनात रहेगी। प्लान के मुताबिक पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। राम मंदिर और अयोध्या एयरपोर्ट की सुरक्षा यूपी SSF के जिम्मे है।

भीलवाड़ा मौसम

26.16°Cआंशिक बादल
दिनांक उच्चतम निम्नतम
19/0830.23°C22.74°C
20/0829.97°C22.96°C
21/0828.28°C21.32°C
22/0830.34°C22.13°C